रूपा गांगुली ने तृणमूल पर बूथ कब्जाने का आरोप लगाया

कोलकाता, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्टार उम्मीदवार रूपा गांगुली को प्रदेश में विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के दौरान सोमवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।

हावड़ा नॉर्थ से भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली ने निर्वाचन क्षेत्र में ‘तृणमूल कांग्रेस के गुंडों पर बूथ कब्जाने और मतदाताओं को डराने-धमकाने’ के आरोप लगाए हैं।

उनके आरोपों को दरकिनार करते हुए तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार व पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला ने रूपा पर मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया।

अभिनेत्री से राजनीतिज्ञ बनीं रूपा ने कहा, “सुबह से ही मुझे अपने मतदाताओं से खबर मिल रही थी कि उन्हें धमकाया जा रहा है, जबकि तमाम पोलिंग एजेंट ने कहा कि मतदान केंद्रों पर न सिर्फ उनका उत्पीड़न किया गया, बल्कि उन्हें वहां से भगा भी दिया गया। जब मैंने खुद हस्तक्षेप करने की कोशिश की और निर्वाचन अधिकारियों को इसमें हस्तक्षेप करने को कहा, तो तृणमूल कांग्रेस के गुंडो ने मुझे घेर लिया और मुझे भला-बुरा कहा।”

उनके निर्वाचन क्षेत्र में स्थित एक केंद्र सालकिया के उनके दौरे के दौरान, उन्हें तृणमूल के समर्थकों के प्रदर्शन का सामना करना पड़ा, जिनमें से कई ने उन पर निर्वाचन प्रक्रिया को बाधित करने का आरोप लगाया।

रूपा ने आरोप लगाते हुए कहा, “प्रदर्शन और विरोधों का एक ही मकसद है, मुझे निर्वाचन केंद्र तक पहुंचने से रोकना। यहां तक कि पुलिस मेरे जाने के बाद सुरक्षा बलों को वापस भेज रही है, ताकि बूथ पर कोई सुरक्षाकर्मी न हो और तृणमूल के लोग आराम से फर्जी मतदान को अंजाम दे सकें।”

उन्होंने कहा कि भाजपा निर्वाचन आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज करेगी।

उधर, शुक्ला ने रूपा पर मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया।

शुक्ला ने कहा, “मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है और कहीं से भी किसी तरह की धांधली की खबर नहीं है। सच तो यह है कि रूपा गांगुली मतदाताओं को प्रभावित करने व निर्वाचन प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास कर रही हैं। पार्टी निर्वाचन आयोग के समक्ष शिकायत करने जा रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493