रियो डी जेनेरियो, 4 अगस्त (आईएएनएस)। नौकायन की विश्व नियामक संस्था ने रूसी एथलीट पावेल सोजीकिन पर फैसला पलटते हुए उन्हें शुक्रवार से शुरू हो रहे ओलम्पिक खेलों में हिस्सा लेने की मंजूरी दे दी है।
बुधवार को जारी एक बयान में इसकी पुष्टि की गई है।
बयान में कहा गया है, “अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के नए दिशा-निर्देशों को आधार मानते हुए विश्व नौकायन समिति के बोर्ड सदस्यों ने एकमत से सोजीकिन को रियो ओलम्पिक-2016 में हिस्सा लेने के लिए पात्रता देने का फैसला लिया है।”
विश्व नौकायन समिति ने आईओसी और रूसी ओलम्पिक समिति (आरओसी) को अपने फैसले की जानकारी दे दी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, आईओसी ने मंगलवार को अपने नए दिशा-निर्देश जारी किए जिसमें उसने ग्रीष्मकालीन ओलम्पिक के सभी अंतर्राष्ट्रीय महासंघों से कहा है कि अगर खिलाड़ी का नाम मैक्लारेन समिति की सूची में नहीं है तो खिलाड़ी को डोपिंग के नियमों के उल्लंघन का दोषी नहीं माना जाएगा।
इससे पहले विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) द्वारा गठित की गई मैक्लारेन समिति की रिपोर्ट में नाम आने के बाद नौकायन संघ ने सोजीकिन को रियो ओलम्पिक में जाने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया था।
dharmpath.com dharmpath