मॉस्को, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। रूस का पायलट रहित आपूर्ति यान अंतरिक्ष यात्रियों के लिए तीन टन खाद्य आपूर्ति, ईंधन व अन्य सामग्रियों के साथ गुरुवार को कजाकिस्तान के बैकानूर कॉस्मोड्रम से अंतर्राष्ट्रीयअंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) के लिए रवाना हुआ था।
आईएसएस प्रोग्रेस 63 यान ने आईएसएस तक पहुंचने के लिए दो दिनों की यात्रा की शुरुआत कर दी है, जो दो अप्रैल को अपने गंतव्य पहुंच जाएगा।
नासा के एक प्रवक्ता ने कहा, “63वां प्रोग्रेस पुन:आपूर्ति यान ने आईएसएस के लिए दो दिनों की यात्रा शुरू कर दी।”
इसके बाद, फ्लोरिडा के केप कानावेरल वायुसेना केंद्र से आठ अप्रैल को स्पेस एक्स ड्रैगन यान उड़ान भरने के लिए तैयार है।
ड्रैगन कैप्स्यूल को फाल्कन 9 रॉकेट से छोड़ा जाएगा, जो एक्सपेडिशन 47 तथा 48 के चालक दल के समर्थन में विज्ञान शोध, अंतरिक्षयात्रियों को आपूर्ति व हार्डवेयर में मददगार साबित होगा।
ड्रैगन कैप्स्यूल मई में पृथ्वी पर वापस लौटेगा, जो अंतरिक्षयात्रियों के जैविक नमूने लाएगा, जिसमें अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के एक साल के मिशन के दौरान इकट्ठा नमूने भी शामिल होंगे।
नासा के कॉमर्शियल रिसप्लाई सर्विसिस कांट्रैक्ट के तहत यह प्रक्षेपण स्पेस एक्स का आठवां मिशन है।
dharmpath.com dharmpath