मुंबई, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत में जारी आईसीसी टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ हार के बाद संवाददाता सम्मेलन में भारतीय टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी आस्ट्रेलिया के एक पत्रकार के साथ मजाकिया मूड में नजर आए। पत्रकार ने धौनी से उनके संन्यास को लेकर सवाल पूछा था।
वेस्टइंडीज के खिलाफ सात विकेट से हार झेलने के बाद पत्रकार ने धौनी से पूछा था कि भारत के विश्व कप से बाहर होने के बाद भी क्या वह आगे खेलना चाहते हैं।
धौनी ने पत्रकार से सवाल दोहराने को कहा, पत्रकार ने जब ऐसा किया तो धौनी ने उन्हें अपने साथ स्टेज पर आने को कहा।
धौनी ने अपनी कुर्सी को थोड़ा खिसकाते हुए कहा, “यहां आइए, थोड़ा मजाक हो जाए। आप आइए।”
इसके बाद पत्रकार धौनी के साथ स्टेज पर बैठ गए।
पत्रकार को अपने पास बिठाने के बाद धौनी ने कहा, “क्या आपको लगता है कि मैं फिट नहीं हूं।”
पत्रकार ने कहा, “ऐसा नहीं है, मैं यह आपसे पूछना चाहता था कि क्या आप आगे खेलना जारी रखेंगे?”
धौनी ने पत्रकार से कहा, “मैं उम्मीद कर रहा था कि यह कोई भारतीय पत्रकार हो क्योंकि मैं आपसे पूछ नहीं सकता कि आपका कोई बेटा या भाई है जो विकेटकीपर है। आपको मेरी दौड़ देखकर लगता है कि मैं फिट नहीं हूं?”
पत्रकार ने धौैनी के सवाल का जवाब दिया, “नहीं, आप काफी तेज हैं।”
धौनी ने पत्रकार से दोबारा पूछा, “आपको लगता है कि मैं 2019 विश्व कप तक खेल सकता हूं?”
पत्रकार ने कहा, “बिल्कुल, आपको खेलना चाहिए।”
धौनी ने कहा, “आपने अपने सवाल का जवाब दे दिया।”
धौनी यहीं नहीं रुके। उन्होंने इसके बाद कहा, “काश कि यह कोई भारतीय पत्रकार होता। अगर होता तो मैं उससे पूछता कि क्या उसका कोई बेटा या भाई है जोकि विकेटकीपर हो और खेलने को तैयार हो। वह ना कहता को मैं कहता कि काश उसका कोई बेटा या भाई होता जोकि विकेटकीपर होता और खेलने को तैयार होता।”
इससे पहले कई बार संवाददाता सम्मेलन में धौनी से भारतीय पत्रकारों ने उनके संन्यास के बारे में सवाल किए थे, जिसके जवाब में उन्होंने आगे खेलते रहने की बात कही थी।
dharmpath.com dharmpath