रूसी वॉलीबाल टीम पर डोपिंग के आरोपों से अनजान है एफआईवीबी

मास्को, 25 जनवरी (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबाल महासंघ (एफआईवीबी) ने कहा है कि उसे लंदन ओलम्पिक-2012 में हिस्सा लेने वाली रूसी वॉलीबॉल टीम पर लगे डोपिंग के आरोपों की जानकारी नहीं है।

साथ ही एफआईवीबी ने यह भी कहा है कि रूस से स्वर्ण पदक छीनने की खबरों से भी वह अनभिज्ञ है।

समाचार एजेंसी स्पुतनिक के मुताबिक, सोमवार को लंदन ओलम्पिक-2012 में ब्राजील की पुरुष वॉलीबाल टीम के मुखिया रहे गिबा ने राष्ट्रीय चैनल पर कहा है कि रूस के सात वॉलीबाल खिलाड़ी डोपिंग के दोषी पाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि वह रूस से स्वर्ण पदक छीनने के लिए कदम भी उठाएंगे। रूस ने लंदन ओलम्पिक में ब्राजील को 3-2 से मात देते हुए स्वर्ण पदक जीता था।

एफआईवीबी के प्रेस विभाग के अध्यक्ष रिचार्ड बेकर ने मंगलवार को आर-स्पोर्ट को बताया, “अब तक एफआईवीबी को लंदन ओलम्पिक के किसी भी खिलाड़ी के डोपिंग नमूने सकारात्मक साबित होने की जानकारी नहीं मिली है। इसमें मैक्लारेन रिपोर्ट में शामिल नाम भी हैं।”

उन्होंने कहा, “एफआईवीबी अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति द्वारा पदकों पर दोबारा विचार करने की बात से वाकिफ नहीं है।”

एफआईवीबी विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) की होने वाली बैठक में हिस्सा लेगी जिसमें मैक्लारेन रिपोर्ट में रूस पर लगाए गए डोपिंग के आरोपों पर चर्चा होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493