मास्को, 31 मई (आईएएनएस)। रूस के खेल मंत्री विताली मुतको ने हाल ही में हुए डोपिंग स्कैंडल की पूरी जिम्मेदारी ली है और कहा है कि जिन खिलाड़ियों पर डोपिंग के आरोप लगे हैं अगर वे दोषी पाए जाते हैं तो वह इसे छुपाएंगे नहीं।
समाचार एजेंसी तास के मुताबिक, मुतको ने कहा, “चूंकि में खेल योजनाओं को बनाने और उन्हें लागू करने के लिए पूरी तरह जिम्मेदार हूं इसलिए मैंने कभी भी इल्जाम अपने ऊपर लेने से मना नहीं किया।”
2014 से ही रूस डोपिंग से संबंधित गतिविधियों का गढ़ बना हुआ है। पिछले साल कई डोपिंग मामलों में रूस के एथलिटों के साथ ऑल रशियन एथलेटिक्स महासंघ (एआरएएफ) भी शामिल था, जिसके बाद अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक संस्था ने एआरएएफ को प्रतिबंधित कर दिया था और उसके सामने अपनी सदस्यता दोबारा पाने के लिए छह मानदंड रखे थे।
विशेषज्ञों के मुताबिक, यह भी मुमकिन हो सकता है कि रूस की एथलेटिक टीम को विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) की स्वतंत्र समिति द्वारा आने वाले रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित कर दिया जाए।
वाडा की स्वतंत्र समिति ने नौ नंवबर को एआरएएफ, मास्को डोपिंग रोधी प्रयोगशला, रशियन डोपिंग रोधी एजेंसी और रूस के खेल मंत्रालय के डोपिंग मामलों से जुड़े होने पर अपनी रिपोर्ट जारी की थी।
समिति ने कुछ खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों पर डोपिंग में शामिल होने और प्रदर्शन सुधारने के लिए प्रतिंबधित पदार्थो के सेवन से संबंधित अंतर्राष्ट्रीय नियमों के उल्लंघन की बात कही थी।
dharmpath.com dharmpath