मॉस्को, 28 मार्च (आईएएनएस)। रूस के उप विदेश मंत्री सेर्गेई रयाबकोव ने सोमवार को कहा कि जेनेवा में सीरिया सुलह वार्ता में कुछ प्रगति हुई है और यह निरंतर जारी रहनी चाहिए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, रयाबकोव ने रूसी समाचार पत्र ‘इजवेस्तिया’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि सीरिया पर संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत स्टाफन दे मिस्तूरा ने वार्ता को 11 अप्रैल तक जारी रहने की बात कही है और यह बात आशा जगाती है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में होने वाली वार्ता में कुर्दों व सीरियाई विपक्ष का समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होना चाहिए। अधिक यथार्थवादी रुख व वार्ता के लिए शर्त रखने के प्रयास को छोड़ना चाहिए।
अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी के मॉस्को के हालिया दौरे पर रयाबकोव ने कहा कि केरी का बार-बार मॉस्को आना अप्रत्याशित है।
उन्होंने कहा, “अधिकांश व महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय समस्याओं का समाधान रूस को शामिल किए बिना नहीं किया जा सकता।”
बीते 14 मार्च को शुरू हुए सीरिया शांति वार्ता का हालिया दौर जेनेवा में बीते गुरुवार को समाप्त हो गया, जिस दौरान दोनों पक्षों द्वारा आगे विचार करने के लिए 12 सूत्री सूची पर सहमति बनी।
इस सूची में सीरिया की संप्रभुता, स्वतंत्रता, एकता व क्षेत्रीय अखंडता के आदर का सिद्धांत शीर्ष पर है तथा कहा गया है कि राष्ट्र के किसी भी हिस्से को अलग नहीं किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath