नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। भारत इस साल के सेंट पीटर्सबर्ग अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक मंच में हिस्सा लेगा। यह वार्षिक रूसी व्यावसायिक व आर्थिक कार्यक्रम है। भारत इस सम्मेलन में अतिथि देश के रूप में शामिल होगा।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने एक सवाल के जवाब में कहा, “इसकी पुष्टि की जाती है कि भारत को सेंट पीटर्सबर्ग अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक मंच में अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह रूस के शहर सेंट पीटर्सबर्ग में एक जून से तीन जून, 2017 के बीच आयोजित किया जाएगा।”
उन्होंने कहा, “इसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मानित अतिथि के रूप में सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन्हें अंतिम रूप देते ही हम इनकी घोषणा करेंगे।”
सेंट पीटर्सबर्ग अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक मंच एक विशिष्ट अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम है। मंच की वेबसाइट के अनुसार, 2016 में आयोजित कार्यक्रम में 12,000 लोगों ने शिरकत की, जिसमें राजनीतिक व व्यावसायिक नेताओं के अतिरिक्त वैज्ञानिक, सार्वजनिक व मीडिया जगत की हस्तियों सहित अन्य ने हिस्सा लिया। उन्होंने उन मुद्दों पर चर्चा की, जिनका सामना रूस व वैश्विक समुदाय कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath