रूस : विपक्षी नेता को 30 दिन की जेल

मॉस्को, 13 जून (आईएएनएस)। रूस में विपक्षी नेता एलेक्सी नावाल्नी को लोगों को गैरकानूनी प्रदर्शनों के लिए उकसाने का दोषी पाए जाने के बाद 30 दिनों की कैद में भेज दिया गया है।

नावाल्नी को देशभर में हुए भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों के एक दिन बाद यह सजा दी गई।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार रात को मॉस्को की एक अदालत में नावाल्नी ने न्यायाधीश पर उनकी गिरफ्तारी में पुलिस की मदद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी गिरफ्तारी को न्यायोचित बताने के बिंदु न्यायाधीश ने खुद पुलिस को लिखवाए।

उनकी पत्नी यूलिया ने बताया कि नावाल्नी को मॉस्को स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया।

नावाल्नी ने सजा के बाद ट्वीट कर कहा, “30 दिन..उन्होंने केवल पूरे देश को ही नहीं लूटा, बल्कि मैं उनके कारण मॉस्को में डेपेचे मोड (ब्रिटिश रॉक बैंड) के कार्यक्रम में भी शामिल नहीं हो पाऊंगा।”

विपक्ष के नेता अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में व्लादिमिर पुतिन के खिलाफ खड़े होने होने वाले हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार के विरोध में प्रदर्शनों को लेकर सोशल मीडिया पर समर्थन मांगा था।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, नावाल्नी की गिरफ्तारी सोमवार को मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग में हजारों प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प के बाद हुई।

एक स्वतंत्र समूह ओवीडी के अनुसार, मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग में करीब 1,400 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

रूसी प्रशासन ने जनता को चेतावनी देते हुए राजधानी में आयोजित की गई रैली को अवैध करार दिया था।

व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव सीन स्पाइसर ने गिरफ्तारियों की निंदा करते हुए रूस से ‘सभी शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को रिहा करने का आग्रह किया।’

स्पाइसर ने कहा, “अमेरिका, रूस में सैकड़ों शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता है।”

स्पाइसर ने कहा कि यह बुनियादी लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493