नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने सेंट पीटर्सबर्ग मेट्रो ट्रेन में हुए विस्फोट में हुई लोगों की मौत पर मंगलवार को शोक प्रकट किया।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भेजे शोक संदेश में मुखर्जी ने कहा, “सेंट पीटर्सबर्ग में सोमवार को मेट्रो प्रणाली में हुए विस्फोट में मारे गए निर्दोष लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना स्वीकार करें।”
विस्फोट पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए मुखर्जी ने कहा, “यह चेतावनी है कि आतंकवाद के खतरे के प्रति विश्व समुदाय द्वारा तत्काल और व्यापक रूप से ध्यान दिया जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “हम हमले में घायल लोगों के शीध्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में एक मेट्रो ट्रेन के भीतर सोमवार को हुए विस्फोट में 11 यात्रियों की मौत हो गई और 51 अन्य घायल हो गए।
विस्फोट के दौरान राष्ट्रपति पुतिन शहर में मौजूद थे। उन्होंने मंगलवार शाम घटना स्थल का दौरा किया।
घटना के संदिग्ध अकबरजॉन जलीलोव की पहचान रूसी नागरिकता वाले किर्गिस्तानी नागरिक के तौर की गई है।
dharmpath.com dharmpath