रूस : संसदीय चुनाव में पुतिन की पार्टी को भारी बढ़त (लीड-1)

मॉस्को, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की युनाइटेड रशिया पार्टी ने देश के संसदीय चुनाव में बहुमत हासिल कर लिया है।

‘सीएनएन’ ने रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘इंटरफैक्स’ के हवाले से कहा है कि यूनाइटेड रशिया को 54.21 प्रतिशत मत मिले हैं, और 90 प्रतिशत मतगणना हो चुकी है।

चुनाव परिणाम के मुताबिक, कम्युनिस्ट पार्टी 13.54 प्रतिशत मत के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि लिबरल डेमोक्रेट पार्टी को 13.28 प्रतिशत और फेयर रशिया पार्टी को 6.19 प्रतिशत मत मिले हैं।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री दमित्री मेदवेदेव यूनाइटेड रशिया पार्टी के प्रचार कार्यालय पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री ने पार्टी सदस्यों को संबोधित किया और पुतिन को धन्यवाद दिया।

मेदवेदेव ने चुनावी नतीजों को पार्टी की जीत बताया।

पुतिन ने कहा कि रूस के लोगों ने राजनीतिक स्थिरता का समर्थन किया है।

समाचार एजेंसी तास के अनुसार, पुतिन ने कहा, “देश की स्थिति आसान नहीं थी, लोगों ने इसे महसूस किया। उन्हें राजनीति और समाज में स्थिरता चाहिए।”

उन्होंने कहा, “आम लोग जानते हैं कि खोखले वादे किसी काम के नहीं होते। यूनाइटेड रशिया देश के विकास के लिए काम करना जारी रखेगी।”

रूस में 18 वर्ष से अधिक आयु का व्यक्ति कानूनी रूप से वोट देने के योग्य है। हालांकि, कैदियों और कानूनी रूप से अक्षम व्यक्ति वोट नहीं दे सकते।

रूस में 2011 में हुए संसदीय चुनाव में 60.2 प्रतिशत मतदान हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493