मॉस्को, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि उनका देश आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए सीरिया को सैन्य साजो-सामान की आपूर्ति लगातार करता रहेगा।
समाचार एजेंसी तास के अनुसार, लावरोव ने शुक्रवार को कहा, “रूसी सैन्य साजो-सामान की देखरेख और और उनके इस्तेमाल में सीरियाई सेना की मदद के लिए हमारे सैन्य विशेषज्ञ सीरिया में मौजूद हैं।”
लावरोव ने कहा, “हम आतंकवादी खतरे के मुकाबले के लिए समुचित रक्षा क्षमता सुनिश्चित करने के लिए सीरिया को सैन्य उपकरणों की आपूर्ति करते रहेंगे।”
उन्होंने कहा, “प्रासंगिक अंतर्राष्ट्रीय कानूनों के मुताबिक सैन्य अभ्यास आयोजित किए जा रहे हैं।”
लावरोव ने कहा कि रूस आईएस के खिलाफ बने अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन में शामिल सदस्यों का आह्वान करता है कि वे सीरियाई सेना के साथ सहयोग शुरू करें।
लावरोव ने कहा, “आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी लड़ाई के मद्देनजर सामूहिक समन्वयन महत्वपूर्ण है।”
रूसी राजनयिक के अनुसार, कई यूरोपीय देशों के मंत्री बशर अल-असद की सरकार के साथ सहयोग करने के पक्ष में बोल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में, खासतौर से इराक और लीबिया में, सत्ता परिवर्तन के लिए किए गए पिछले प्रयासों के कारण घोर आतंकवादी खतरे पैदा हुए हैं और आईएस के रूप में एक खौफनाक संगठन को सामने आने का मौका मिला है।
dharmpath.com dharmpath