जांच से बच रहे सोमनाथ को दूसरा नोटिस

नई दिल्ली, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने घरेलू हिंसा के एक मामले में पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं होने पर दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री व आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सोमनाथ भारती को शनिवार को एक नया नोटिस जारी किया।

संयुक्त पुलिस आयुक्त दीपेंद्र पाठक ने आईएएनएस से कहा, “हमने आज सोमनाथ भारती को एक नया और दूसरा नोटिस जारी किया। यह नोटिस उनके मालवीय नगर स्थित घर पर भेजा गया है।”

पाठक ने कहा कि यदि वह या उनके कोई संबंधी नोटिस लेने से मना करते हैं, तो उसे वहीं चस्पा कर दिया जाएगा।

पाठक ने कहा कि पहला नोटिस जारी होने के बाद भारती ने पुलिस को आश्वासन दिया था कि वह पूछताछ में पुलिस का सहयोग करेंगे, लेकिन वह अपनी बात से मुकर गए।

उन्होंने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि वह पूछताछ के लिए जल्द उपस्थित होंगे। यदि वह पूछताछ के लिए उपस्थित होंगे, तो इसका मतलब यह नहीं कि हम उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे। यदि वह पुलिस के नोटिस से बचते रहे, तो निश्चित तौर पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

भारती को शुक्रवार सुबह 11 बजे पूछताछ के लिए उपस्थित होने के लिए गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने एक नोटिस जारी किया था, लेकिन वह नहीं पहुंचे और भूमिगत हो गए।

पश्चिमी दिल्ली के द्वारका उत्तरी पुलिस थाने में भारती के खिलाफ घरेलू हिंसा व हत्या का प्रयास सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने कहा कि भारती की पत्नी लिपिका मित्रा द्वारा 10 जून को की गई शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई।

लिपिका ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि साल 2010 में हुई शादी के बाद से ही भारती उन्हें प्रताड़ित करते आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि भारती ने न सिर्फ उन्हें पीटा, बल्कि उनकी हत्या का भी प्रयास किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493