नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। सर्दियों के दौरान ट्रेनों की समयबद्ध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने जीपीएस आधारित कोहरा सुरक्षा उपकरण लगाने की योजना बनाई है। यह उपकरण लोको-पॉयलट को सिग्नल की सूचना देगा।
रेलवे के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि ट्रेनों में जीपीएस आधारित प्रणाली लगाने पर विचार किया जा रहा है, जिससे सिग्नल की चेतावनी पहले मिल सकेगी।
अधिकारी ने बताया कि रेलवे ने उत्तर भारत की ट्रेनों के लिए 2400 उपकरण उपलब्ध कराए हैं, जहां ट्रेनें कोहरे की वजह से बुरी तरह प्रभावित होती हैं।
उन्होंने बताया कि दिल्ली क्षेत्र को 900 जीपीएस उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
इसके अलावा रेलवे ने सिग्नल की सूचना के लिए पटरी पर डेटोनेटर लगाने के लिए फॉगमैन को तैनात किया है।
अधिकारी सर्दियों के दौरान ट्रेनों की देरी की मुख्य वजह रेल फ्रैक्चर की पहचान के लिए ट्रैक पेट्रोलिंग और रात्रि निरीक्षण करेंगे।
घने कोहरे की स्थिति में ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली को सेमी-ऑटोमेटिक प्रणाली में बदला जाएगा और इस दौरान गति पांबदी भी लगाई जाएगी।
रेलवे कर्मचारियों को पर्याप्त संख्या में वॉकी-टॉकी देने पर भी विचार कर रहा है और कोहरे के दौरान काम करने पर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath