सूत्रों के मुताबिक, प्रभु दिल्ली से विमान में सवार होकर जबलपुर आएंगे और जबलपुर से ट्रेन के सैलून में बैठकर रायपुर पहुंचेंगे। प्रभु रायपुर में रेलवे के कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे और हमसफर एक्सप्रेस को बटन दबाकर रवाना करेंगे।
रेल बजट 2016-17 में घोषित हमसफर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस 22 अप्रैल से पटरी पर दौड़ेगी। रेलमंत्री सुरेश प्रभु रायपुर से दूरवर्ती झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, हमसफर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस सेवा दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग ट्रेन नंबर 22867/22868 के साथ चलेगी। रायपुर स्टेशन पर ट्रेन का शुभारंभ सुबह 10 बजे होगा।
22 अप्रैल को दुर्ग स्टेशन से दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर सेवा के शुभारंभ अवसर पर इस गाड़ी को स्पेशल के रूप में चलाया जाएगा। यह स्पेशल दुर्ग से 10: 30 बजे (शनिवार) रवाना होकर रायपुर 11.40 बजे, बिलासपुर 2.00 बजे, कटनी मुरवारा 8.10 बजे एवं दूसरे दिन (रविवार) सुबह 8.25 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। इस गाड़ी में 16 एसी-3, 1 पेंट्रीकार एवं 2 जनेटर सहित कुल 19 कोच रहेंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग-पोत परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के भी शामिल होने की संभावना है। इनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, रेल राज्य एवं संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, रेल राज्यमंत्री राजेन गोहांई, रेलवे बोर्ड के चेयरमेन ए.के. मित्तल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सुनील सिंह सोइन भी उपस्थित रहेंगे।
dharmpath.com dharmpath