‘रेस 3’ के कलाकार, निर्देशक का चयन बाकी

मुंबई, 11 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता कुमार तौरानी ने इससे इनकार किया है कि ‘रेस’ और ‘रेस 2’ का निर्देशन करने वाले फिल्मकार अब्बास-मस्तान इस फिल्म का निर्देशन नहीं करेंगे, बल्कि उन्होंने कहा कि अभी फिल्म के लिए कलाकारों के चयन से लेकर निर्देशक तक पर फैसला लिया जाना बाकी है।

इससे संबंधित खबरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कि अब्बास-मस्तान ‘रेस’ श्रृंखला की तीसरी फिल्म का निर्देशन नहीं करेंगे, तौरानी ने कहा, “यह सही नहीं है। अभी तो फिल्म की पटकथा लिखी जा रही है। फिलहाल हमने कुछ भी तय नहीं किया है।”

उन्होंने कहा, “अभी हमने फिल्म के कलाकारों, इसकी शूटिंग के स्थान तथा इसके निर्देशक को लेकर फैसला नहीं किया है। ऐसे में इस पर किसी भी तरह की टिप्पणी जल्दबाजी होगी।”

तौरानी ने कहा कि ‘रेस’ श्रृंखला की फिल्मों का बजट बहुत अधिक रहा है, ऐसे में इस श्रृंखला की तीसरी फिल्म में हमें इसे इससे ऊपर ही रखना होगा।

उन्होंने कहा, “फिल्म ‘रेस 3’ में भी निश्चित तौर पर कई कलाकार होंगे, लेकिन फिलहाल हम पटकथा पर काम कर रहे हैं। हमें पूर्व की दोनों फिल्मों को याद रखना होगा, जो बेहद सफल रही थीं।”

उन्होंने कहा, “हम अगले तीन महीनों में फिल्म की पटकथा तैयार कर लेंगे और कलाकारों के अनुरूप फिल्म की शूटिंग शुरू कर देंगे। हम ‘रेस 3’ के लिए नामचीन कलाकारों से संपर्क कर रहे हैं।”

उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘रेस’ 2008 में रिलीज हुई थी, जबकि सीक्वल 2013 में रिलीज हुई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493