मेलबर्न, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया में किक्रेट के मुख्य चयनकर्ता रॉड मार्श का कार्यकाल अगले साल खत्म रहा है और उन्होंने क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) को आगे सेवाएं नहीं देने का फैसला किया है। सीए ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की।
वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक, मार्श 2011 में चयन समिति में शामिल किए गए थे। 2014 में जॉन इनवेरारिटी के बाद उन्हें मुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
सीए के प्रवक्ता ने कहा, “हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि रॉड मार्श 2017 में अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद मुख्य चयनकर्ता का पद छोड़ देंगे।”
इस तरह 2016-17 का क्रिकेट सत्र इस पद पर मार्श का अंतिम सत्र होगा। मार्श के साथ चयन समिति में ट्रेवर होंस, मार्क वॉ और कोच डारेन लेहमन हैं।
मार्श के कार्यकाल के दौरान ही ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट में नंबर-1 टीम का दर्जा दोबारा हासिल किया था लेकिन हाल के दिनों में टीम का प्रदर्शन खराब रहा है।
उसे इंग्लैंड में एशेज की हार के अलावा 2014 में पाकिस्तान तथा बीते साल श्रीलंका के हाथों शर्मनाक हार मिली है। अभी दक्षिण अफ्रीका ने उसे पांच मैचों की एकदिवसीय सीरीज में 5-0 से हराया है।
dharmpath.com dharmpath