मैनचेस्टर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के मिडफील्डर जुआन माटा का मानना है कि क्लब के पूर्व खिलाड़ी पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की क्लब में वापसी की कोई संभावना नहीं है, क्योंकि रोनाल्डो स्पेनिश क्लब रियल मेड्रिड के लिए खेलकर खुश हैं।
तीन बार वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवार्ड जीत चुके रोनाल्डो 2003 से 2009 के बीच छह वर्षो तक मैनचेस्टर से जुड़े रहे और इस दौरान उन्होंने मैनचेस्टर के लिए 292 मैचों में 118 गोल किए।
रोनाल्डो को आज भी ओल्ड ट्राफोर्ड में बिताए दिनों और युनाइटेड के साथ उनके करियर के लिए याद किया जाता है तथा युनाइटेड के प्रशंसकों को लगता है कि रोनाल्डो फिर से क्लब में वापसी कर सकते हैं।
वेबसाइट गोल डॉट काम ने सोमवार को माटा के हवाले से कहा, “मेरे खयाल से अब यह होना बहुत कठिन है। रोनाल्डो के लिए मैनचेस्टर में जो लगाव और सम्मान है वह अद्भुत है। इसे आप अभ्यास सत्र के दौरान, स्टेडियम में देख सकते थे, जहां उन्होंने ढेर सारे खिताब जीते।”
माटा ने कहा, “लेकिन रियल मेड्रिड जैसे क्लब में वह खुश हैं, इसलिए उनका लौटना अब मुश्किल है। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो किसी भी लीग में बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं। लेकिन चूंकि अब यह बेहद जटिल हो चुका है, मैं यहां मौजूदा खिलाड़ियों पर ही अपना ध्यान केंद्रित करना चाहूंगा।”
dharmpath.com dharmpath