बेंगलुरू, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण में पहली जीत हासिल करने के बाद इसका श्रेय अपनी टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को दिया है।
मुंबई इंडियंस ने रविवार को रॉयल चैलेंजर्स को उसके ही घर में 18 रनों से हराकर सत्र की अपनी पहली जीत दर्ज की।
मैच को बाद रोहित ने कहा, “मुझे लगता है कि शुरुआती कुछ ओवरों में हमने जैसी बल्लेबाजी की वह अहम रहा। बल्लेबाजों को रन बनाते देखना शानदार अनुभव रहा।”
रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ जीत से पूर्व चार मौकों पर मिली हार के बारे में रोहित ने कहा, “लगातार चार हार झेलना मुश्किल था लेकिन अच्छी बात यह है कि हमने कभी इस बारे में ज्यादा नहीं सोचा।”
मैच के दौरान मुंबई इंडियंस की ओर से गेंदबाजी कर रहे कीरन पोलार्ड और रायल चैलेंजर्स की ओर से बल्लेबाजी कर रहे क्रिस गेल के बीच हुए मजेदार वाक्ये पर रोहित ने कहा, “दोनों वेस्टइंडीज की ओर से खेलते हैं और एक-दूसरे को अच्छी तरह समझते हैं। वह दोनों बस आपस में मजाक कर रहे थे।”
उल्लेखनीय है कि मैच के दौरान पोलार्ड ने एक समय गेल को छेड़ने की कोशिश की जिस पर फील्ड अंपायर ने दोनों को अलग किया। इसके कुछ देर बाद ही पोलार्ड डगआउट में गए और मुंह पर सेलो टेप बांध कर मैदान में वापस आए।
रोहित शर्मा ने अपने गेंदबाजों की भी तारीफ करते हुए कहा कि लसिथ मलिंगा सहित हरभजन सिंह और मिशेल मैक्लेनागान ने अच्छी गेंदबाजी की।
dharmpath.com dharmpath