लंदन, 29 जनवरी (आईएएनएस)। राजकुमारी डायना के दोनों बेटे कैम्ब्रिज के ड्यूक राजकुमार विलियम और राजकुमार हैरी उनके (डायना) निधन के 20 साल बाद उनकी प्रतिमा को केंसिंग्टन पैलेस में स्थापित कराएंगे।
मीडिया में आई एक रपट के अनुसार, दोनों राजकुमारों ने शनिवार को एक बयान में कहा, “हमारी मां के निधन को 20 साल हो चुके हैं और एक स्थायी प्रतिमा के जरिए ब्रिटेन और दुनिया भर में उनके सकारात्मक प्रभाव से अवगत कराने का यह सही समय है।”
बीबीसी ने बयान के हवाले से कहा है, “मेरी मां ने कई लोगों के जीवन को प्रभावित किया। हम उम्मीद करते हैं कि केंसिंग्टन पैलेस आने वाले उन लोगों के लिए यह मददगार साबित होगा, जो उनके जीवन और विरासत के बारे में जानना चाहते हैं।”
पेरिस में एक कार दुर्घटना में 31 अगस्त, 1997 को डायना का निधन हो गया था, उस समय विलियम 15 और हैरी 12 साल के थे।
प्रतिमा डायना के पूर्व निवास स्थान केंगिस्टन पैलेस के सार्वजनिक मैदान में स्थापित की जाएगी।
यह प्रतिमा लंदन में राजकुमारी को समर्पित चौथा स्मारक होगा और यह स्मारक हाइड पार्क में स्थित प्रिंसेस डायना मेमोरियल फाउंटेन के नजदीक होगा। मेमोरियल गार्डन केंसिंग्टन पैलेस के नजदीक ही है।
प्रतिमा बनाने के लिए छह सदस्यीय समिति द्वारा एक शिल्पकार को चुना जाएगा, जिसमें डायना की बहन लेडी सारा मैकारकुडेल भी शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath