लखनऊ एयरपोर्ट-टेकऑफ नहीं कर पाया इंडिगो का प्लेन, डिंपल यादव समेत 151 यात्री थे सवार

लखनऊ- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बड़ा हादसा होने से बच गया। लखनऊ से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट को टेकऑफ से पहले रोकना पड़ा। दरअसल, इंजन को टेकऑफ के लिए थ्रस्ट यानि प्रेशर नहीं मिला। ऐसे में इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। विमान में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव सहित 151 यात्री सवार थे। रनवे पर दौड़ते विमान को रोकने से यात्रियों के बीच दहशत का माहौल हो गया था।

बताया जा रहा है कि लखनऊ-दिल्ली रूट पर उड़ान भरने जा रही इंडिगो की फ्लाइट टेक ऑफ से ठीक पहले ही रुक गई। रनवे पर तेज रफ्तार से दौड़ने के बाद भी फ्लाइट हवा में उठ नहीं पाया था। फ्लाइट कैप्टन ने सूझबूझ दिखाते हुए अंतिम छोर से पहले ही फ्लाइट को रोक दिया था। इस फ्लाइट में करीब 151 यात्री सवार थे। सूत्रों का कहना है कि इसी फ्लाइट में सपा सांसद डिंपल यादव भी मौजूद थी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई थी।

प्लेन में आई तकनीकी गड़बड़ी की जांच की गई। उसके बाद टेक्निकल फॉल्ट बताकर फ्लाइट 6E 2111 के सभी यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में शिफ्ट किया गया। इस दौरान यात्रियों ने कहा कि ईश्वर ने बचा लिया वरना बड़ा हादसा हो सकता था। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, डायरेक्ट्रेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने घटना की रिपोर्ट मांगी है। वहीं, इंडिगो ने बयान जारी कर कहा कि तकनीकी कारण से विमान को टेकऑफ रोकना पड़ा। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। हालांकि, इंडिगो ने फ्लाइट्स को क्यों रोका गया। इसकी स्पष्ट वजह नहीं बताई है।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493