कोतवाली अमीनाबाद के झंडे वाले पार्क के पास हनुमान मंदिर के सामने एक कपड़ों का रिटेल शो रूम है। शो रूम से शनिवार सुबह लोगों ने धुआं निकलता देखा। जब तक लोग कुछ समझते मधुर मिलन रेस्तरां के बगल में हनुमान मंदिर व उससे सटी कपड़ों की दुकानों में भी आग लग गई।
आग की सूचना पुलिस को दी गई। वहीं सूचना मिलने पर हजरतगंज स्थित फायर ब्रिगेड ऑफिस में पहुंचने पर हजरतगंज, चौक, इंदिरानगर, पीजीआई और आलमबाग के दमकल वाहन आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गए। दो घंटे की मेहनत के बाद दमकल विभाग की एक दर्जन से अधिक गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने से कितने रुपये का नुकसान हुआ है, इसकी पड़ताल की जा रही है।
वहीं चौक एफएसओ जितेंद्र कुमार ने बताया, “लेखराज एंड कंपनी शोरूम में सुबह आग लगी। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि दुकान में काफी सामान भरा हुआ था। शुक्रवार को ही बाहर से काफी माल लाया गया था। हालांकि ऊपर गोदाम में आग नहीं लगी, नहीं तो बड़ा नुकसान हो जाता।” उधर आग लगने से व्यापारियों में काफी आक्रोश व्याप्त है।
dharmpath.com dharmpath