लखनऊ के लिए एसएसपी नहीं ढूंढ़ पाई सरकार : भाजपा

लखनऊ, 2 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर अखिलेश सरकार को घेरते हुए कहा कि बदमाश-लुटेरे बेखौफ हैं, मगर सरकार 32 दिनों में राजधानी लखनऊ के लिए एक एसएसपी तक नहीं खोज पाई।

राज्य की कानून-व्यवस्था को बद से बदतर बताते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि पूरे राज्य में अपराधी बेखौफ हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तो इनके हौसले सातवें आसमान पर हैं। बेखौफ बदमाश दिनदहाड़े सहारनपुर के देवबंद इलाके में पुलिस चौकी से चंद कदम दूर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा पर धावा बोलकर लाखों की रकम लूटकर आसानी से फरार हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में जिस तरह से लुटेरों ने बेखौफ होकर करोड़ों की लूट को अंजाम दिया उसने तो रोंगटे ही खड़े कर दिए। जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आवास के समीप हुई इस लूट की घटना से व्यापारियों में जहां रोष है, वहीं भय और दहशत का वातावरण है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि कहीं भी, कभी भी वारदात को अंजाम देने में गुरेज नहीं कर रहे हैं।

पाठक ने कहा कि राजधानी लखनऊ का हाल ही निराला है। ताश के पत्तों की तरह अधिकारियों को फेट रही अखिलेश सरकार 32 दिन बीत जाने के बाद भी लखनऊ के लिए एसएसपी तक तैनात नहीं कर पाई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493