लखनऊ नगर निगम के हाल में आज लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) बोर्ड के चार सदस्यों के लिए पार्षदों के बीच चुनाव होना था। महापौर डॉ. दिनेश शर्मा की अध्यक्षता में कार्यवाही 11 बजे शुरू हो गई। करीब 20 मिनट बाद ही ओपन वोट को लेकर विरोध होने लगा। सपा के यावर हुसैन के साथ कांग्रेस के मुकेश सिंह चौहान की कुछ देर तक नोकझोंक चली। इसमें पार्षद ममता चौधरी भी शामिल हो गईं।
इसी बीच अतुल यादव तथा मुकेश चौहान के बीच मारपीट होने लगी। सदन में हंगामा को देखते हुए मतदान रोक दिया गया। इसके बाद पार्षदों ने महापौर का घेराव कर लिया। यह सब अतुल यादव को बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस के सभी पार्षद अपनी मांग पर अड़े हैं। इनके समर्थन में कांग्रेस की विधायक डॉ. रीता बहुगुणा जोशी भी पहुंचीं।
सदन की कार्यवाही में एलडीए के चार सदस्यों में सपा व भाजपा के दो-दो सदस्यों का चयन होना है। सपा ने पार्षद फैसल नवाब व सुरेंद्र सिंह (राजू गांधी) को उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि भाजपा ने रमेश कपूर (बाबा) व सौरभ सिंह को प्रत्याशी बनाया है। पार्षदों की संख्या बल के अनुसार दोनों दलों के सदस्यों का निर्वाचित होना तय है।
dharmpath.com dharmpath