लखनऊ में एटीएस व संदिग्ध आतंकी के बीच मुठभेड़ जारी (लीड-1)

एटीएस और आतंकी के बीच मुठभेड़ अभी जारी है। एटीएस ने संदिग्ध आतंकी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसके बाद भी वह नहीं माना और फायरिंग जारी रखी। इसकी पुष्टि कानून व्यवस्था एडीजी दलजीत चौधरी और डीजीपी जावीद अहमद ने की है।

मुखबिर ने एटीएस को सूचना दी कि ठाकुरगंज के हाजी कॉलोनी में आतंकी घुसे हैं। इस सूचना पर जब एटीएस पहुंची तो संदिग्ध आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। घना रिहाइशी और पुराना इलाका होने के चलते एटीएस संभल कर आतंकी से मोर्चा ले रही है।

खुद एटीएस के आईजी असीम अरुण ऑपरेशन की मानिटरिंग कर रहे हैं। एटीएस आईजी के नेतृत्व में आतंकियों से निपटने के लिए एटीएस के 20 एक्सपर्ट कमांडो पहुंचे हैं। उनके साथ कई एटीएस प्रभारी भारी टीम के साथ मौजूद हैं। एडीजी लां एंड आर्डर दलजीत चौधरी सहित राजधानी की भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।

इलाके को खाली कराकर टीम ने अपना ऑपरेशन चलाया। बताया जा रहा है जब टीम जांच के लिए पहुंची तो संदिग्ध आतंकी ने खुद को कमरे में बंद कर एटीएस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर एटीएस ने भी जवाबी कार्यवाही की। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठा। इलाके में रह-रह कर फायरिंग हो रही है, जिससे लोगों में दहशत है।

दलजीत चौधरी ने बताया, “उप्र एटीएस ने दोपहर को यह ऑपरेशन लांच किया है। संदिग्ध आतंकी हाजी कॉलेनी में छिपा हुआ है। उसने एटीएस पर हमला किया था, जिसके बाद फोर्स ने हमला किया। हम लोग उसको पकड़ने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।”

डीजीपी जाविद अहमद ने इस ऑपरेशन की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, “आतंकी के छिपे होने की पुष्टि हुई है उसकी ओर से भी फायरिंग भी की गई है।”

डीजीपी के मुताबिक मध्य प्रदेश के खंडवा में मंगलवार सुबह हुए ट्रेन धमाके में इस संदिग्ध आतंकी का हाथ बताया जा रहा है। एटीएस ने पूरे इलाके को घेर लिया है। कार्रवाई जारी है।

उधर भोपाल से खबर है कि मध्य प्रदेश में हुए ट्रेन विस्फोट के मामले में गिरफ्तार किए गए तीन संदिग्धों से मिली जानकारी साझा किए जाने पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने लखनऊ में संदिग्ध आतंकी को घरने में कामयाबी हासिल की।

मध्य प्रदेश के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान स्वीकार किया कि होशंगाबाद के पिपरिया में गिरफ्तार किए गए तीन संदिग्धों से मिली जानकारी केंद्रीय जांच एजेंसियों से साझा की गई। केंद्रीय जांच एजेसी ने वह सूचना उत्तर प्रदेश पुलिस को दी और लखनऊ में पुलिस ने एक संदिग्ध आतंकी को घेर लिया।

मंगलवार सुबह भोपाल से उज्जैन जा रही पैसेंजर गाड़ी संख्या 59320 के शाजापुर जिले के जबड़ी रेलवे स्टेशन से निकलते ही एक डिब्बे में विस्फोट हुआ, इस विस्फोट में आठ यात्री घायल हुए।

गृह मंत्री सिंह के मुताबिक, इस ट्रेन विस्फोट के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। उनसे मिले इनपुट के आधार पर होशंगाबाद के पिपरिया में बस से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। इन संदिग्धों की सूचना से केंद्रीय एजेंसी को अवगत कराया गया। उसी के आधार पर लखनऊ में संदिग्ध आतंकी तक पहुंचा गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493