लखनऊ में शीला का रोड शो, स्वागत को उमड़े कांग्रेसी (लीड-1)

लखनऊ, 17 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी फिजा में उबाल आने लगा है। उप्र कांग्रेस में आलाकमान के बड़े बदलाव की घोषणा के बाद रविवार को सभी प्रमुख नेता लखनऊ पहुंचे। इस दौरान अरसे बाद कांग्रेसी अपने नेताओं के स्वागत के लिए उमड़ पड़ा।

उप्र में मुख्यमंत्री पद पर कांग्रेस का चेहरा शीला दीक्षित, नए प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और संजय सिंह को अमौसी एयरपोर्ट से बाहर आने के बाद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से लाद दिया। हालांकि इन नेताओं के साथ प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद नहीं आए।

प्रदेश मुख्यालय पर कार्यक्रम से पहले शहर में 101 स्थानों पर रोड शो के दौरान स्वागत किया गया। इस दौरान कई जगहों पर नेताओं ने अपने संबोधन के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा।

एयरपोर्ट से लेकर हजरतगंज तक उत्साह से लबरेज कांग्रेसियों के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला, आरपीएन सिंह, जितिन प्रसाद व रीता बहुगुणा जोशी आदि भी मौजूद रहीं।

हजरतगंज में शीला दीक्षित, राज बब्बर आदि ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें नमन किया और यहां से सभी कांग्रेस कार्यालय की तरफ बढ़ गए। वहीं प्रदेश मुख्यालय में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मोहसिना किदवई और पीएल पुनिया की मौजूदगी में सभा की गई।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने पर सभी नेताओं का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत के साथ निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने नए प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर को औपचारिक रूप से प्रभार सौंपा।

इस मौके पर उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जायसवाल भी कार्यालय पर मौजूद रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493