ललित मोदी, व्यापमं पर लोकसभा की कार्यवाही बाधित (लीड-1)

नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। लोकसभा में सोमवार को भी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व प्रमुख ललित मोदी के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं से संबंध और मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले को लेकर विपक्षी दलों ने हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई। हंगामे के बीच अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक स्थगित कर दी।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी पार्टियों के सदस्य, विशेष कर कांग्रेस सदस्य अध्यक्ष की आसंदी के नजदीक जमा हो गए और इन दोनों मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बयान की मांग करने लगे।

विपक्षी सदस्य ‘हम न्याय चाहते हैं’ और ‘प्रधानमंत्री जवाब दो’ लिखी हुई तख्तियां लहरा रहे थे।

सुमित्रा ने उनसे तख्तियां न लहराने और प्रश्नकाल चलने देने की अपील की।

नारेबाजी जारी रहने पर अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर तक स्थगित कर दी।

दोपहर बाद शून्यकाल शुरू होने पर विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी जारी रखी।

हंगामे के बीच कई सदस्यों ने पंजाब के गुरुदासपुर में आतंकवादी हमले का मुद्दा उठाया और संसदीय कार्य राज्य मंत्री एम.वेंकैया नायडू ने उन्हें यह भरोसा दिलाया कि गृह मंत्री इस मुद्दे पर बयान जारी करेंगे।

इसके बाद शून्यकाल के दौरान सदस्यों ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्र के मुद्दे को उठाया, लेकिन किसी की बात शोरशराबे में नहीं सुनी जा सकी।

अध्यक्ष ने हंगामे के बीच कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक स्थगित कर दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493