द्वारका के शिक्षा भारती पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आयोजित इस टूर्नामेंट के फाइनल में रविवार को हरियाणा की लड़कियों ने महाराष्ट्र को हराया जबकि हरियाणा के लड़कों ने पंजाब को पराजित किया।
फाइनल में हरियाणा की लड़कियों ने महाराष्ट्र को 35-28, 28-30, 25-20 से पराजिय किया। महिला वर्ग में हरियाणा ने पहला, महाराष्ट्र ने दूसरा, पंजाब ने तीसरा और हिमाचल ने चौथा स्थान हासिल किया।
इसी तरह लड़कों के वर्ग में हरियाणा ने फाइनल में पंजाब को 18-15, 37-39, 7-5 से हराया। इस वर्ग में हरियाणा ने पहला, पंजाब ने दूसरा, महाराष्ट्र ने तीसरा और मेजबान दिल्ली ने चौथा स्थान हासिल किया।
दिल्ली ने इस टूर्नामेंट की शानदार मेजबानी करते हुए तारीफ बटोरी। भारतीय एमेच्योर लागोरी संघ के महासचिव संतोष प्रह्लाद गुरव ने दिल्ली लागोरी संघ के महासचिव अवनीश साहू को इसके लिए बधाई दी।
अपने अथक प्रयासों से लागोरी को दुनिया भर में स्थान दिला चुके गुरव ने कहा कि भविष्य में दिल्ली को अहम आयोजनों की मेजबानी मिलेगी।
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के अध्यक्ष पद्मश्री सतपाल पहलवान ने फेडरेशन कप का उद्घाटन करते हुए कहा कि वैसे तो यह मूल रूप से एक आउटडोर गेम है लेकिन मौसम के मुताबिक इसे अगर इंडोर में खेला जाए तो बेहतर रहेगा।
देश के लिए ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाले पहलवान सुशील कुमार के गुरु और ससुर सतपाल ने कहा कि इस खेल में थोड़ा पेस (तेजी) लाने की जरूरत है और यह काम बेहतर प्रशिक्षण से हो सकता है।
सतपाल ने यह भी कहा कि बचपन में वह भी लागोरी खेले हैं और इस कारण उनका इस खेल से विशेष लगाव है।
सतपाल ने कहा, ” मैं चाहता हूं कि इस खेल का खूब विकास हो। इसमें कोई दो राय नहीं कि यह एक जनमानस का खेल है और मैं चाहूंगा कि इसे स्कूल गेम्स में शामिल कर लिया जाए।”
टूर्नामेंट का पुरस्कार वितरण दिल्ली पुलिस के सहायक आयुक्त मंधावा हर्ष वर्धन ने किया। उन्होंने जीतने वाली टीमों वालों बधाई दी और कहा कि लागोरी को जब भी उनकी जरूरत होगी, वह मदद के लिए हाजिर रहेंगे।
लागोरी के लिए आने वाला समय काफी अहम है क्योंकि अगले साल जनवरी में पहला विश्व कप आयोजित होना है। लागोरी विश्व कप का आयोजन मुम्बई मे होगा और इसमें 30 से अधिक देशों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
गुरव ने कहा कि विश्व कप के लिए प्रख्यात फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर ब्रांड एमबेसेडर होंगे। इसकी आधिकारिक घोषणा सितम्बर में की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath