लालू ने राजद व जद-यू प्रवक्ताओं को दी नसीहत

पटना, 1 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद ने शुक्रवार को एकजुटता का संदेश देते हुए अपनी पार्टी और सहयोगी पार्टी जनता दल-युनाइटेड (जद-यू) के प्रवक्ताओं को सलाह देते हुए कहा है कि वे सार्वजनिक रूप से झगड़ा न करें।

उन्होंने मीडिया से बातचीत में प्रवक्ताओं को कहा कि फिजूल में न बोलें। उन्होंने कहा, “अगर आप मुद्दे को नहीं समझते हैं तो शांत रहें और घर में बैठें।”

लालू ने ये बातें नववर्ष के अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बधाई स्वीकार करने के दौरान कही।

उन्होंने इस दौरान राजद और जद-यू नेताओं द्वारा जारी बयानबाजी पर क्षोभ प्रकट किया और कहा, “महागठबंधन एकजुट है और बरकरार है। हममें कोई दरार नहीं है। राज्य सरकार सही दिशा में काम कर रही है।”

उन्होंने कहा, “पार्टी प्रवक्ताओं को कुछ बोलने से पहले वरिष्ठ नेताओं से सलाह-मशविरा करनी चाहिए।”

राजद नेताओं के मुताबिक, लालू प्रसाद अपने पार्टी सहयोगी रघुवंश प्रसाद सिंह द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना से नाराज हैं। रघुवंश ने बिहार में आपराधिक घटनाएं बढ़ने के कारण नीतीश पर टिप्पणी की थी।

इससे पहले जद-यू नेताओं ने लालू प्रसाद की नीतीश कुमार को दी जा रही कानून-व्यवस्था से निपटने की नसीहत की कड़ी आलोचना की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493