पटना, 20 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में शुक्रवार को उस समय अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब शपथ ग्रहण के दौरान एक शब्द के गलत उच्चारण के कारण लालू प्रसाद के पुत्र तेजप्रताप यादव को शपथ दोहरानी पड़ी।
तेजप्रताप ने शपथ लेने के क्रम में ‘अपेक्षित’ शब्द का उच्चारण ‘उपेक्षित’ के रूप में किया। राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने तत्काल इसे सुधार कर फिर से शपथ दोहराने को कहा।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के दोनों पुत्र तेजप्रताप यादव और तेजस्वी यादव पहली बार विधानसभा चुनाव जीते हैं और दोनों पुत्रों को मंत्री बनाया गया है। हालांकि माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में तेजप्रताप को छोटे भाई तेजस्वी के मुकाबले कम महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी जाएगी।
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद तेजस्वी और तेजप्रताप को शपथ दिलाई गई।
dharmpath.com dharmpath