लाहौर फिल्मोत्सव रद्द होने से मधुर निराश

मुंबई, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। रफी पीर थियेटर वर्कशॉप अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव में हिस्सा लेने के लिए लाहौर जाने की तैयारियों में जुटे फिल्मकार मधुर भंडारकर पाकिस्तान में सुरक्षा कारणों से फिल्मोत्सव रद्द कर दिए जाने से निराश हैं।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक मधुर ने ट्विटर पर फिल्मोत्सव रद्द होने की जानकारी साझा करते हुए निराशा जताई। फिल्मोत्सव 23 से 25 अप्रैल को लाहौर में आयोजित होना था।

मधुर ने ‘पेज 3’, ‘फैशन’, ‘चांदनी बार’ और ‘कॉर्पोरेट’ जैसी फिल्में बनाईं हैं।

उन्होंने शनिवार को ट्विटर पर लिखा, “लाहौर में सुरक्षा कारणों से रफी पीर फिल्मोत्सव के रद्द होने की सूचना से निराश हूं। अपनी पहली लाहौर (पाकिस्तान) यात्रा को लेकर उत्साहित था। मेरी तीन फिल्में वहां दिखाई जानी थीं। वहां होना मेरे लिए सम्मान की बात होती। खर, किसी और दिन, किसी और समय ही सही।”

फिल्म फेस्टिवल के फेसबुक पेज पर इसके रद्द होने की घोषणा की गई थी।

फेसबुक पोस्ट में लिखा था, “प्रिय साथियों, बेहद अफसोस के साथ यह कहना पड़ रहा है कि रफी पीर अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव किन्हीं कारणों से रद्द कर दिया गया है। हम आपकी असुविधा के लिए क्षमा चाहते हैं और इस साल के अंत में फिल्मोत्सव के आयोजन के बारे में आपको जानकारी देते रहेंगे। धन्यवाद।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493