लाहौर में शिक्षक ने छात्र से किया दुष्कर्म

लाहौर, 25 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के लाहौर में एक शिक्षक द्वारा आठ साल के एक छात्र का यौन उत्पीड़न करने और बाद में लड़के के लापता होने की घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने एक स्कूल पर हमला कर दिया।

डॉन ऑनलाइन की एक रपट के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ने तथा आंदोलन के तेज होने पर पुलिस मंगलवार को स्कूल पहुंची।

रपट के मुताबिक, स्कूल में एक शिक्षक ने एक छात्र के साथ दुष्कर्म किया और वहां से भाग निकला। जब छात्र के माता-पिता ने अपने बच्चे को स्कूल से लापता पाया, तो उन्होंने और लोगों को बुलाकर स्कूल पर हमला कर दिया।

उन्होंने स्कूल के चौकीदार को भी पीटा और आरोपी शिक्षक तथा प्रबंधन के खिलाफ नारे लगाए।

जब पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया, तो प्रदर्शनकारियों ने उनपर पथराव कर दिया। पुलिस ने प्रतिक्रिया स्वरूप भीड़ पर लाठीचार्ज किया।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि कुछ घंटों तक हालात तनावपूर्ण रहे। प्रदर्शनकारियों द्वारा स्कूल को आग के हवाले करने के प्रयास को देखते हुए वहां और अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात करना पड़ा।

घंटों तक चली बातचीत के बाद पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाने में कामयाब हो पाई और उन्हें शिक्षक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने और बच्चे को बरामद करने के प्रति आश्वस्त किया।

पुलिस के एक स्रोत ने कहा कि शिक्षक को पहले ही हिरासत में ले लिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493