संयुक्त राष्ट्र, 28 मार्च (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष मोगेन्स लीकेटोफ्ट ने कहा कि रविवार को पाकिस्तान के लाहौर में हुए आतंकवादी हमले में कई बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की जघन्य हत्या से वे चकित और स्तब्ध हैं।
लीकेटोफ्ट के प्रवक्ता की ओर से रविवार को जारी एक बयान में उन्होंने कहा है, “लाहौर के गुलशन-ए-इकबाल पार्क में कई परिवारों और कई निर्दोष लोगों को निशाना बनाना मानवता की अवमानना को दर्शाता है।”
पाकिस्तान के लाहौर शहर में सार्वजनिक पार्क में हुए आत्मघाती विस्फोट में बड़ी संख्या में बच्चों और महिलाओं समेत 72 लोग मारे गए और करीब 250 लोग घायल हुए हैं।
पाकिस्तानी तालिबान से अलग हुए एक गुट ने हमले की जिम्मेदारी ली है और कहा कि संगठन ने ईस्टर के मौके पर जानबूझकर ईसाई समुदाय के लोगों को निशाना बनाया।
लीकेटोफ्ट ने कहा, “मेरी आत्मा हमले में मारे गए और घायल लोगों के परिवारों, हिंसक कार्रवाई के बाद स्थिति से निपटने वाले पुलिस और आपात सेवा कर्मियों, पाकिस्तान की सरकार और वहां के लोगों के साथ है।”
बयान में कहा गया, “उद्देश्य जो भी हो आतंकवादी कृत सही ठहराने योग्य नहीं है। आतंकवाद का हर रूप राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरा है।”
संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष ने बयान में कहा, “इस तरह की हिंसक कार्रवाई की आधुनिक विश्व में कोई जगह नहीं है। इस वारदात से घटना में शामिल लोगों को ढूंढ़ने और सजा दिलाने के लिए दुनिया भर की सरकारों के संकल्प को बल मिलेगा।”
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने आत्मघाती हमले की निंदा की और घायलों को हर संभव बेहतर उपचार मुहैया करने के लिए अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया।
dharmpath.com dharmpath