त्रिपोली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। लीबिया की राष्ट्रीय सेना (एलएनए) ने तीन वर्ष की भीषण लड़ाई के बाद विद्रोही आतंकी समूहों को हराकर उनके कब्जे से बेंगाजी शहर को आजाद कराने का दावा किया है। सेना के पूर्वी क्षेत्र के कमांडर ने शहर को मुक्त कराए जाने की जानकारी दी है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, एलएनए के पूर्वी क्षेत्र के कमांडर मेजर जनरल खलीफा हफ्तार ने बुधवार को एक टेलीविजन बयान में घोषणा की कि उनके जवानों ने आतंकवाद से बेंगाजी शहर को पूरी तरह आजाद करा लिया है। उन्होंने कहा कि हम आतंकवाद के खिलाफ गरिमा की लड़ाई में सेना की जीत की घोषणा करते हैं।
हफ्तार के जवान, पूर्वी क्षेत्र के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से बेंगाजी में आतंकी समूहों से ‘डिग्निटी ऑपरेशन’ नामक एक सैन्य अभियान में हिस्सा ले रहे थे।
हफ्तार ने कहा कि इस शहर की आतंकियों से आजादी एक ऐतिहासिक अवसर है, जिसका लीबिया के लोग एक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
उन्होंने बहादुर सैनिकों और मित्र देशों को आतंकवाद के खिलाफ लीबिया में युद्ध का समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया।
हफ्तार की सेना का अब देश के पूर्वी क्षेत्र में स्थित महत्वपूर्ण तेल के बंदरगाहों पर नियंत्रण के साथ-साथ दक्षिणी लीबिया में एक बड़े हवाई अड्डे पर कब्जा हो गया है।
लीबिया अब भी संयुक्त राष्ट्र संघ के शांति समझौते और देश में एक संघीय सरकार की स्थापना को समर्थन करने के बावजूद, उथल पुथल और राजनीतिक विभाजन के जाल में फंसा हुआ है।
dharmpath.com dharmpath