लीबिया में केरल के इंजीनियर अगवा, चांडी ने मांगी विदेश मंत्री से मदद

तिरूवनंतपुरम, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने लीबिया में लापता हुए राज्य के इंजीनियर का पता लगाने और उन्हें मुक्त कराने के लिए बुधवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से अविलंब मदद की मांग की। माना जा रहा है कि इंजीनियर को किसी आतंकवादी संगठन ने अगवा कर लिया।

चांडी के कार्यालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि अगवा इंजीनियर रेगी जोसेफ के परिवार ने उनसे संबंधित हर तरह की जानकारी उपलब्ध कराई है। वह और उनके तीन मित्र 31 मार्च से ही लापता हैं।

पहचान जाहिर न करने की शर्त पर एक अधिकारी ने कहा, “हमारे पास जो भी सूचना मौजूद है, उसके मुताबिक इस मामले में मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्री की मदद मांगी है। रेगी जोसेफ (43) को उनके तीन मित्रों के साथ लीबिया में अगवा कर लिया गया। वे 31 मार्च से ही लापता हैं।”

कोझिकोड के निवासी जोसेफ लीबिया की राजधानी त्रिपोली के निकट कंप्यूटर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। वह वहां अपनी नर्स पत्नी व तीन बच्चों के साथ पिछले दो वर्षो से रह रहे थे।

जोसेफ ने 31 मार्च को फोन पर एक संदेश के माध्यम से अपनी पत्नी से अंतिम बार संपर्क किया था। उन्होंने कहा था कि कार्यालय से आने में उन्हें देर होगी।

अधिकारी ने कहा, “उनसे संबंधित सभी जानकारियां सुषमा स्वराज को भेज दी गई हैं। उनका पता लगाने के लिए हमलोग भी अपने स्तर से हर संभव प्रयास कर रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493