लीबिया में भारतीय नर्स व उसका 18 माह का बेटा मारा गया (राउंडअप)

नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 26 मार्च (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शनिवार को कहा कि लीबिया में शुक्रवार को गोलाबारी में केरल की निवासी एक नर्स व उसका 18 महीने का बेटा मारा गया।

सुषमा ने ट्विटर पर लिखा, “मुझे लीबिया में एक भारतीय नर्स व उसके बेटे की मौत से संबंधित रिपोर्ट मिली है।”

उन्होंने कहा, “यह त्रिपोली से करीब 45 किलोमीटर दूर जाविया में हुआ।”

मूलरूप से केरल की रहने वालीं नर्स सुनू सत्यम और उनके बेटे प्रणव की मौत उनके अपार्टमेंट पर एक बम का गोला गिरने से हुई।

सुषमा ने कहा कि भारतीय अधिकारी नर्स के पति विपिन के संपर्क में हैं। जाविया अस्पताल में 26 और भारतीय काम कर रहे हैं।

उन्होंने विदेशों में संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में रहने वाले भारतीयों से सुरक्षित स्थानों का रुख करने के लिए भी कहा।

सुषमा ने कहा, “हम पहले भी कई बार सलाह दे चुके हैं। मैं आपसे एक बार फिर अनुरोध करती हूं कि कृपया संघर्षरत क्षेत्रों से बाहर निकल आएं।”

सुनू और विपिन 2012 में शादी करने के बाद लीबिया चले गए थे।

केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी के कार्यालय की ओर से आईएएनएस को बताया गया कि वे लीबिया के ताजा हालात के बारे में पता लगाने के लिए लोगों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री चांडी के कार्यालय से जुड़े एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से बात की है और केंद्र सरकार से मदद मांगी है।

मुख्यमंत्री के एक सहयोगी ने कहा, “हमने शवों और लीबिया में काम कर रहे करीब 15 केरलवासियों को वापस लाने का अनुरोध किया है। वहां उथल-पुथल जारी है।”

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शनिवार को केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी से वादा किया कि वह लीबिया में गोलाबारी में मारी गईं भारतीय नर्स व उनके नवजात बेटे के शव को केरल वापस लाने में पूरी मदद करेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493