लेखक तुहिन सिन्हा बने मुंबई भाजपा के प्रवक्ता

मुंबई, 29 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रख्यात लेखक व कमेंटेटर तुहिन ए.सिन्हा को यहां गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुंबई इकाई का प्रवक्ता नियुक्त किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

नए प्रवक्ता के रूप में उनके नाम की घोषणा मुंबई भाजपा के अध्यक्ष आशीष शेलार ने की।

अपनी नियुक्ति की पुष्टि करते हुए सिन्हा ने कहा कि वह पिछले कुछ साल से भाजपा से जुड़े हुए हैं और पार्टी तथा युवाओं के बीच संपर्क मजबूत करने का काम करेंगे।

अपने लेखन में नई शैली का प्रयोग करने वाले भारतीय लेखकों में शुमार सिन्हा (40) मनोरंजन उद्योग में भी काम कर चुके हैं। वह टेलीविजन धारावाहिक ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ के कुछ एपिसोड भी लिख चुके हैं।

उनकी किताबों में रोमांटिक कहानी ‘दैट थिंग काहल्ड लव’, क्रिकेट थ्रिलर ‘द कैप्टन’, राजनीतिक थ्रिलर ‘ऑफ लव एंड पॉलिटिक्स’, नई पीढ़ी के पितृत्व को दर्शाने वाली ‘डैडी’ तथा ऑफबीट रोमांटिक कहानी ‘लेट द रिजन बी लव’ शामिल हैं।

दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर चुके सिन्हा रिलायंस ब्रॉडकास्ट नेटवर्क लिमिटेड में बतौर क्रिएटिव कंसल्टैंट तथा कंटेंट हेड के पद पर काम कर चुके हैं।

सिन्हा ने हाल में एक गैर सरकारी संस्था ‘द इग्नाइटेड इंडिया फाउंडेशन’ की शुरुआत की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493