ब्यूनस आयर्स, 4 जून (आईएएनएस)। लैिंगक हिंसा के खिलाफ दूसरी वार्षिक लामबंदी के अवसर पर अर्जेटीना के 80 शहरों में हजारों लोग एकत्रित हुए।
ब्यूनस आयर्स में शुक्रवार को कांग्रेस (संसद) भवन के बाहर शाम 5 बजे मुख्य कार्यक्रम शुरू हुआ।
एक किशोरी की हत्या के सुर्खियों में आने के बाद पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सांस्कृतिक हस्तियों ने जून, 2015 में ‘नी उना मेनोज’ (नहीं हो एक नारी कम) नामक आन्दोलन शुरू किया किया था।
अर्जेटीना के आम लोगों के साथ देश के तमाम बड़े गैर सरकारी संगठन और नागरिक संगठन इस उद्देश्य के लिए लामबंद हुए।
आम लोग ऐसे थे, जिनकी सामाजिक कार्यकर्ता होने की कोई पृष्ठभूमि नहीं थी।
एक अधिकार संगठन कासा डेल एनक्वेंट्रो की प्रमुख अडा रिको ने समाचार एजेंसी एफे न्यूज से कहा, “मेरा विश्वास है कि गत साल की तुलना में इस साल अधिक संख्या में लोग आए। महत्वपूर्ण बात यह है कि समाज में जागरूकता फैली है।”
उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा रोकने के लिए एक राष्ट्रीय कार्य योजना का क्रियान्वयन आंदोलन की पहली मांग है।
अर्जेटीना में ऐसे कानूनों की भी जरूरत है, जो यह सुनिश्चित करे कि जिन लोगों को अपनी पत्नी या साथी की हत्या के आरोप में सजा मिली है, उन्हें उनके बच्चों पर पैतृक अधिकार नहीं हो। साथ ही ऐसे बच्चों जिनकी मां की हत्या हुई है उनके पालन पोषण के लिए कदम उठाए जाएं।
महिला अधिकार संगठनों के एक संघ के आंकड़े के मुताबिक, अर्जेटीना में विगत 12 महीनों में हर 32 घंटे में एक महिला की हत्या हुई है।
dharmpath.com dharmpath