लॉर्ड्स एकदिवसीय : दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया

लॉर्ड्स, 29 मई (आईएएनएस)। तीन एकदिवसीय श्रृंखला के आखिरी मैच में सोमवार को दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराते हुए सांत्वना जीत दर्ज की।

इंग्लैंड शुरुआती दो मैच जीतकर पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुकी थी। अंत में सीरीज का नतीजा 2-1 रहा।

दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच में पहले गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 153 रनों पर ही ढेर कर दिया। उसके बाद आसान से लक्ष्य को 28.5 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।

दक्षिण अफ्रीका की जीत में कागिसो रबाडा का अहम योगदान रहा। उन्होंने नौ ओवरों में 39 रन देकर चार विकेट लिए। उनके अलावा वाएन पार्नेल और केशव महाराज ने तीन-तीन विकेट अपने खाते में डाले।

आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को हाशिम अमला (55) और क्विंटन डी कॉक (34) ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी की। लेकिन, इसी स्कोर पर दोनों पवेलियन लौट गए।

अमला ने 54 गेंदों की पारी में 11 बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया। उन्हें अपना पहला मैच खेल रहे टोबी रोलैंड जोंस ने बोल्ड किया। डी कॉक को जैक बॉल ने पवेलियन की राह दिखाई। फाफ डु प्लेसिस पांच रनों का ही योगदान दे सके और बॉल की गेंद पर विकेट के पीछे जोस बटलर को कैच दे बैठे।

इसके बाद कप्तान अब्राहम डिविलियर्स (नाबाद 27) और ज्यां पॉल ड्यूमिनी (नाबाद 28) ने मिलकर टीम को जीत दिलाई।

इससे पहले, बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने पर इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और रबाडा तथा पार्नेल ने 20 रनों पर ही उसके छह बल्लेबाजों को पवेलियन में बैठा दिया। डेविड विले (26) और जॉनी बेयर्सटो (51) ने सातवें विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी कर टीम को जल्द समेटने से बचा लिया।

पार्नेल ने विले को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बेयर्सटो ने जोंस (नाबाद 37) के साथ आठवें विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी को अंजाम देते हुए टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया।

67 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौकों की मदद से अर्धशतकीय पारी खेलने वाले बेयर्सटो की पारी का अंत केशव ने किया। वह 134 के कुल स्कोर पर आउट हुए। इसके बाद बॉल (7) और स्टीवन फिन (3) को पवेलियन भेज केशव ने इंग्लैंड की पारी का अंत किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493