लॉर्ड्स टेस्ट : लड़खड़ाकर संभला इंग्लैंड, बनाए 354 रन

लंदन, 21 मई (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट मैच के पहले दिन गुरुवार को टॉस हारकर मशहूर लॉर्ड्स के मैदान में पारी की शुरुआत करने उतरी इंग्लैंड ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक सात विकेट गंवाकर 354 रन बना लिए हैं।

जोस बटलर (67) दिन की आखिरी गेंद पर पगबाधा हो पवेलियन लौटे, जबकि मोइन अली 49 रन बनाकर नाबाद हैं।

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पारी शुरू करने का निमंत्रण दिया और उसके गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही ठहराते हुए 13 ओवरों के अंदर इंग्लैंड के चार विकेट चटका डाले।

अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट में पदार्पण करने उतरे एडम लिथ (7), कप्तान एलिस्टर कुक (16), गैरी बालांस (1) और इयान बेल (1) सस्ते में पवेलियन लौट गए और टीम संकट में नजर आने लगी।

लेकिन जोए रूट (98) ने बेन स्टोक्स (92) के साथ पांचवें विकेट के लिए 161 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाल लिया।

स्टोक्स ने टेस्ट मैच के स्वभाव के विपरीत आक्रामक पारी खेली और 94 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौके, एक छक्का लगाया। 191 के कुल योग पर मार्क क्रेग ने स्टोक्स की गिल्लियां बिखेर दीं।

पहले सत्र में चार विकेट चटकाने के बाद न्यूजीलैंड के गेंदबाज दूसरे सत्र में स्टोक्स के रूप में एकमात्र विकेट हासिल कर सके।

रूट ने हालांकि इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे बटलर के साथ छठे विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी निभाई और टीम को ज्यादा नुकसान नहीं होने दिया।

तीसरे सत्र में हालांकि रूट ज्यादा देर नहीं टिक सके और शतक से मात्र दो रन पहले मैट हेनरी का शिकार हो लौटे।

रूट के जाने के बाद आए मोइन अली ने बटलर का अच्छा साथ निभाया और 103 रनों की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर की ओर अग्रसर किया।

न्यूजीलैंड की ओर से अपना पदार्पण मैच खेल रहे मैट हेनरी दिन के सबसे सफल गेंदबाज रहे। हेनरी ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए, जबकि बोल्ट ने दो और टिम साउदी तथा कोरी एंडरसन ने एक-एक विकेट हासिल किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493