भारत में जून तक काम जारी रखेगा ग्रीनपीस

नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करने वाली दुनिया की अग्रणी गैर सरकारी संस्था ग्रीनपीस इंडिया ने गुरुवार को कहा कि वे भारत में जून तक संगठन का संचालन जारी रखेंगे, क्योंकि संगठन के कर्मचारियों ने तब तक बिना वेतन काम करने की इच्छा जाहिर की है।

ग्रीनपीस ने इसके साथ ही कुछ ही सप्ताह में गायब होने की अटकलों को खारिज किया।

गृह मंत्रालय ने पिछले महीने ग्रीनपीस के सारे विदेशी और घरेलू बैंक खाते बंद कर दिए, जिसके बाद संगठन के बंद होने का खतरा हो गया।

ग्रीनपीस इंडिया के कार्यकारी निदेशक समित आईच ने गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनके कर्मचारी बिना वेतन लिए जून तक करने को राजी हैं।

समित ने कहा, “पिछले कुछ हफ्तों से ग्रीनपीस इंडिया को देश भर से अपार समर्थन मिल रहा है। मैं सिविल सोसाइटी और देश भर के हजारों समर्थकों के प्रति ग्रीनपीस की तरफ से आभार प्रकट करता हूं।”

उन्होंने कहा, “आज (गुरुवार) सुबह मेरे कर्मचारियों ने एक भावुक चिट्ठी में लिखी है कि वे जरूरत होने पर बिना वेतन के भी काम करने के लिए तैयार हैं। वैसे मुझे उम्मीद है कि इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी और हमारे कर्मचारियों और उनके परिवारों को इस तकलीफ का सामना नहीं करना पड़ेगा। लेकिन अब जरूरत पड़ने पर हमलोग जून के अंत तक ग्रीनपीस के काम को जारी रखने में पूरी तरह सक्षम हैं।”

समित को लिखी चिट्ठी को ग्रीनपीस इंडिया की बेवसाइट पर पढ़ा जा सकता है जिसमें लिखा है, “30 हजार से ज्यादा समर्थकों ने अब तक गृह मंत्रालय को जारी याचिका पर हस्ताक्षर किए हैं जिसमें सिविल सोसाइटी पर जारी दमन को बंद करने की मांग की गई है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493