नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद भगवंत मान के वीडियो को लेकर शुक्रवार को लोकसभा में हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
यह वीडियो उन्होंने गुरुवार को अपने आवास से संसद भवन जाते समय बनाया था, जिसमें वह कई सुरक्षा नाकों से गुजरते हुए संसद भवन पहुंचते हैं। उन्होंने इन सबको वीडियो में दिखाया है, जिसे संसद की सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक माना जा रहा है।
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा, “संसद पर एक बार हुए हमले के दौरान इसकी सुरक्षा में तैनात 13 लोगों ने अपनी जान दे दी। मैं जानती हूं कि यह एक गंभीर मुद्दा है और मुझे लगता है कि इस मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की जरूरत है।”
सूत्रों के अनुसार, वीडियो को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ने मान को समन भेजा है।
इस मुद्दे को लेकर सदन में सभी राजनीतिक दलों ने विरोध जताया। आप सांसद को इस वीडियो के लिए चौतरफा आलोचना झेलनी पड़ रही है।
dharmpath.com dharmpath