लोकसभा चुनाव : चौथे चरण में 72 सीटों पर मतदान जारी (लीड-1)

नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 72 सीटों पर मतदान जारी है। ये चुनाव नौ राज्यों में हो रहे ैहैं जिनमें से अधिकांश हिंदी भाषी क्षेत्र हैं।

इस चरण में कुल 12.79 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। मुंबई की छह सीटों सहित महाराष्ट्र की 17 सीटों पर मतदान हो रहा है। मध्य प्रदेश और ओडिशा में छह-छह, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 13-13 बिहार में पांच, पश्चिम बंगाल में आठ और झारखंड में तीन सीटों पर मतदान हो रहा है।

जम्मू एवं कश्मीर के अनंतनाग निर्वाचन क्षेत्र में भी दूसरे चरण में मतदान हो रहा है।

लोकसभा चुनाव के साथ ही मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है जहां से मुख्यमंत्री कमलनाथ विधायक बनने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।

इस चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो (भाजपा) शामिल हैं, जो पश्चिम बंगाल के आसनसोल में मुनमुन सेन (तृणमूल कांग्रेस) से मुकाबला कर रहे हैं। बिहार के बेगूसराय में गिरिराज सिंह (भाजपा) का मुकाबला जेएनयू छात्र नेता कन्हैया कुमार (सीपीआई) से है। फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर (मुंबई उत्तर) और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव (कन्नौज) भी चुनावी मैदान में हैं।

इसके अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत जोधपुर से, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह झालावाड़-बारां से और कमलनाथ के पुत्र नकुल नाथ मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ रहे हैं।

चौथे चरण के साथ, महाराष्ट्र और ओडिशा की सभी सीटों पर मतदान संपन्न हो जाएंगे।

सात चरणों का लोकसभा चुनाव 11 अप्रैल को शुरू हुआ था और 19 मई को समाप्त होगा। मतगणना 23 मई को होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493