लोकसभा चुनाव : तीसरे चरण के तहत 117 सीटों पर मतदान जारी (लीड-1)

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। सात चरणों वाले लोकसभा चुनाव के तीसरे और सबसे बड़े चरण के तहत मंगलवार को 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 117 सीटों के लिए मंगलवार को मतदान जारी है।

इस चरण के तहत जम्मू एवं कश्मीर के अनंतनाग में भी मतदान हो रहा है।

इसके अलावा त्रिपुरा पूर्व में भी मतदान हो रहा है, जहां 18 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होना था लेकिन सुरक्षा कारणों से चुनाव आयोग द्वारा इसे स्थगित कर तीसरे चरण के लिए निर्धारित कर दिया गया।

तीसरे चरण में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह गुजरात के गांधीनगर से चुनावी मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी वायनाड से चुनाव लड़ रहे हैं। राहुल अपनी परंपरागत अमेठी सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं।

भाजपा तीसरे चरण में 117 में से 62 सीटों को अपने पास सुरक्षित रखने की कोशिश करेगी जिन्हें इसने 2014 में जीता था और इस चरण में उसका प्रदर्शन उसके राजनीतिक भाग्य को तय करने में महत्वपूर्ण होगा।

गुजरात (26), केरल (20) और गोवा (2) में सभी सीटों पर मतदान हो रहा है। कर्नाटक की 28 सीटों में से शेष 14 और महाराष्ट्र की 48 में से 14 सीटों पर भी मतदान हो रहा है।

उत्तर प्रदेश में 10 सीटों पर मतदान हो रहा है जबकि छत्तीसगढ़ में 11 में से सात सीटों पर ओडिशा में 21 में से छह, बिहार में पांच सीटों (40 में से) और पश्चिम बंगाल की पांच सीटों पर मतदान हो रहा है।

असम में चार सीटों (14 में से) पर मतदान हो रहा है और केंद्रशासित प्रदेशों दमन और दीव व दादरा और नगर हवेली में एक-एक सीट पर मतदान हो रहा है।

तीसरे चरण के साथ, गुजरात, केरल, गोवा, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, असम, कर्नाटक, केरल, दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव की सभी सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा।

सात चरणों का लोकसभा चुनाव 11 अप्रैल को शुरू हुआ था और 19 मई को समाप्त होगा। मतगणना 23 मई को होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493