मुंबई, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। चौथे चरण में महाराष्ट्र के 17 लोकसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहे हैं।
अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
1,418 ट्रांसजेंडर सहित 3,11,92,823 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, जिनके लिए चुनाव आयोग ने इन निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 33,314 मतदान केंद्रों की व्यवस्था की है।
17 निर्वाचन क्षेत्र ये हैं : मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर-पश्चिम, मुंबई उत्तर-पूर्व, मुंबई उत्तर-मध्य, मुंबई दक्षिण-मध्य, मुंबई दक्षिण, नंदुरबार, धुले, डिंडोरी, नासिक, पालघर, भिवंडी, कल्याण, ठाणे, मावल, शिरूर और शिरडी।
इनमें से सबसे ज्यादा वोटर 23,70,276 ठाणे में और सबसे कम 14,40,142 मुंबई दक्षिण-मध्य निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत हैं।
मुंबई की छह सीटों के लिए 1,492 मतदान केंद्रों पर 10,073 बूथ हैं, जिनमें से 325 को मुंबई पुलिस ने ‘संवेदनशील’ घोषित किया है।
अधिकारियों ने कहा कि मुंबई में कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
dharmpath.com dharmpath