लोकसभा में हंगामा, कार्यवाही बाधित

नई दिल्ली, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। लोकसभा में सोमवार को एक बार फिर कांग्रेस सांसदों ने खूब हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई। इस बार हंगामे का कारण केरल में मंगलवार को होने वाला प्रधानमंत्री का एक कार्यक्रम है, जिससे राज्य के मुख्यमंत्री ओमन चांडी को बाहर रखा गया है।

कांग्रेस सांसद केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे, जिसके कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई।

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। नारेबाजी करते हुए वे अध्यक्ष के आसन के समक्ष पहुंच गए। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कांग्रेस सांसदों से प्रश्नकाल के बाद इस मसले को सदन में उठाने की बात कही, लेकिन सांसदों ने एक नहीं सुनी और ‘प्रधानमंत्री जवाब दें’ जैसे नारे लगाने शुरू कर दिए।

प्रदर्शनकारी सांसदों के हाथों में ‘राजनीतिक बदले की भावना बंद करो’, ‘यह अपमान है’ और ‘प्रधानमंत्री जवाब दें’ सरीखे नारे लिखी तख्तियां थीं।

कांग्रेस सदस्यों ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ कहां गया? और ‘संघवाद का क्या हुआ?’ नारे लगाए।

लोकसभा अध्यक्ष ने उनसे अपनी सीटों पर लौटने का अनुरोध किया, लेकिन सदस्यों ने उनकी एक न सुनी, जिसे देखते हुए उन्होंने सदन की कार्यवाही अपराह्न् 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

करीब 20 से अधिक कांग्रेस सांसद सोमवार को सदन का सत्र शुरू होने से पहले संसद परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने भी एकत्र हुए और मोदी सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493