नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा सदस्यों ने बुधवार को अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के जन्मदिन पर बधाई गीत गाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सदन की र्कायवाही शुरू होते ही सभी सदस्यों ने महाजन को शुभकामनाएं दीं।
सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई सदस्य महाजन के लिए ‘हैप्पी बर्थडे टू यू’ गाते सुने गए।
संसदीय कार्य मंत्री एच.एन. अनंत कुमार ने सदन की ओर से अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “हम आपके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना करते हैं।”
महाराष्ट्र के रत्नागिरी में स्थित चिपलुण में 1943 में जन्मी महाजन 2014 में आठवीं बार लोकसभा के लिए चुनी गईं। वह फिलहाल सबसे लंबे समय से सेवारत महिला सदस्य हैं। वह अकेली ऐसी महिला सांसद हैं, जो एक ही सीट (मध्यप्रदेश के इंदौर) से लगातार आठ बार निर्वाचित हुई हैं।
महाजन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रि परिषद के सदस्यों ने भी शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं।”
महाजन को भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद छह जून, 2014 को लोकसभा अध्यक्ष के सम्मानित पद के लिए चुना गया था।
dharmpath.com dharmpath