नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। भारत के एक विकलांग साइकिलिस्ट जगविंदर सिंह ने सोमवार को इस वर्ष होने वाले पैरालम्पिक खेलों में भाग लेने हेतु लोगों से धन जुटाने के अभियान की शुरुआत की है।
पंजाब के पटियाला में पाटरा के पास एक छोटे से गांव के निवासी जगविंदर के दोनों हाथ नहीं है और वह अपने दैनिक कार्यो के लिए पैरों का इस्तेमाल करते हैं।
जगविंदर को अब भी उम्मीद है कि उनका पैरालम्पिक साइकिलिंग चैम्पियन में जीतने का सपना पूरा होगा और इसीलिए उन्होंने ‘डिजायर्जविंग डॉट कॉम’ नामक एक ‘क्राउड फंडिंग’ अभियान की शुरुआत की है।
अपने इस अभियान को लांच करने के दौरान जगविंदर ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा में शामिल होने के लिए सभी एथलीटों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण, कोचिंग और निखार की जरूरत है। इस पहल के जरिए मुझे आशा है कि मैं अपने सपने को पूरा करने के लिए पर्याप्त धन जुटा लूंगा। मुझे आप सबके समर्थन की जरूरत है और मैं अपने देश के लिए ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने हेतु कोई भी कसर बाकी नहीं रखूंगा।”
जगविंदर ने चंडीगढ़ एसोसिशन द्वारा 2014 में आयोजित पैरासाइकिलिंग में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने 2015 में उड़ीसा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय साईक्लाथॉन में कांस्य पदक जीता था।
उन्होंने पटियाला में 2014 में ग्रीन बाइकर एसोसिएशन द्वारा आयोजित 212 किलोमीटर की साइक्लाथॉन को नौ घंटे में पूरा किया था।
जगविंदर को भारतीय बाल कल्याण परिषद द्वारा उनकी कलाकृतियों के लिए 2000 में स्वर्ण पदक से नवाजा गया था।
जगविंदर ने कहा, “मैं ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतना चाहता हूं। मैं अपने देश और परिवार को गौरवांन्वित करना चाहता हूं।”
dharmpath.com dharmpath