वर्धा सैन्य हथियार डिपो हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 18, 1 लापता (लीड-1)

पुलगांव (महाराष्ट्र), 1 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के वर्धा जिले के पुलगांव में स्थित देश के सबसे बड़े हथियार डिपो में सोमवार देर रात लगी आग में मरने वालों की संख्या बुधवार को बढ़कर 18 हो गई। एक व्यक्ति अभी भी लापता है।

सूत्रों ने कहा कि बुधवार को दो और शव बरामद हुए। शव डिपो में एक वाटर टैंक में मिले। अभी उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

घटनास्थल से मलबा हटाने व नुकसान के आकलन का काम बुधवार को भी जारी रहा।

जबर्दस्त विस्फोट के साथ लगी इस आग की वजह की जांच चल रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि विस्फोट की आवाज 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई पड़ी और उससे आसपास के गांवों के कई घरों व इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

मिल्ट्री ऑपरेशन्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने मंगलवार को कहा था कि डिपो में लगी आग में लेफ्टिनेंट कर्नल आर.एस. पवार, मेजर मोहन के., एक सैनिक एवं 13 अग्निशमन कर्मियों सहित 16 लोगों की मौत हो गई।

घायल हुए अन्य 17 लोगों का वर्धा जिले के मल्टी स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है, जहां पुणे से सैन्य डॉक्टरों की एक टीम भी पहुंच गई है।

इस हथियार डिपो ने हाल में एक्सपायरी डेट के अस्त्र-शस्त्रों के निपटान में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल के लिए एक अवार्ड जीता था।

सेना व नागरिक प्रशासन ने एहतियातन पास के पांच गांवों को खाली करा लिया है।

मंगलवार दोपहर तक हालांकि इन गांवों के करीब 1,000 महिलाओं व पुरुषों को अपने घरों में लौटने की इजाजत दे दी गई थी।

सेना ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और आग से हुए नुकसान का पता लगाया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493