नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के शीर्ष गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी अगले महीने होने वाले वर्ल्ड गोल्फ चैलेंज में हिस्सा लेंगे और इसके साथ ही वह पेशेवर गोल्फ संघ (पीजीए) द्वारा मान्यता प्राप्त किसी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे।
गुरुवार को इसकी घोषणा की गई।
यह टूर्नामेंट दो से छह दिसंबर के बीच खेला जाएगा, जिसका आयोजन टाइगर वुड्स फाउंडेशन करेगा।
39वीं विश्व वरीयता प्राप्त लाहिड़ी ने वेब डॉट कॉम सीरीज फाइनल्स के जरिए 2015-16 के लिए पीजीए टूर कार्ड हासिल किया था। लाहिड़ी पिछले ही महीने प्रतिष्ठित प्रेसिडेंट्स कप में खेलने वाले भी पहले भारतीय बने।
लाहिड़ी ने गुरुवार को जारी वक्तव्य में कहा, “वर्ल्ड चैलेंज के लिए मिले निमंत्रण से मैं निश्चित तौर पर बेहद खुश हूं। मैं हीरो मोटोकॉर्प के प्रमुख ेपवन मुंजाल का मुझे दिए गए समर्थन के लिए शुक्रिया अदा करना चाहूंगा। उन्होंने न सिर्फ मुझे बल्कि देश में गोल्फ को बहुत मदद दी है।”
लाहिड़ी ने कहा, “मैं अपने आदर्श टाइगर वुड्स और उनके टाइगर वुड्स फाउंडेशन का इस बेहतरीन टूर्नामेंट के आयोजन के लिए शुक्रिया अदा करना चाहूंगा। मेरे लिए यह चुनौतीपूर्ण होगा और मैं इस टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार हूं।”
लाहिड़ी ने इस वर्ष चारो मेजर टूर्नामेंट और गोल्फ विश्व चैम्पियनशिप में हिस्सा लिया और पीजीए चैम्पियनशिप में पांचवां स्थान हासिल करना उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
dharmpath.com dharmpath